भोपाल। मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के एक विवादित बयान को लेकर डॉक्टर संगठनों ने नाराजगी जताई है। मेडिकल टीचर एसोसिएशन और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर विधायक अभय मिश्रा के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई है। डॉक्टर संगठनों ने मांग की है कि अभय मिश्रा अपने बयान को लेकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।
सेमरिया विधायक अभय मिश्रा के बयान को लेकर डॉक्टर संगठन ने मोर्चा खोलते हुए इसे निराधार और चिकित्सा विभाग की गरिमा के खिलाफ बताया है। संगठन का कहना है कि बिना तथ्यों के इस तरह के गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टरों के मुताबिक, ऐसे आरोप पूरे चिकित्सक समुदाय की निष्ठा और ईमानदारी पर सवाल खड़े करते हैं और चिकित्सा पेशे की गरिमा को नुकसान पहुंचाते हैं।
दरअसल, अभय मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने रीवा के संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। वायरल वीडियो में विधायक ने पोस्टमार्टम कक्ष को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए और कहा कि अगर किसी सुंदर महिला की मौत हो जाती है और पोस्टमार्टम कक्ष में उसके परिवार के लोग मौजूद नहीं रहते या वहां मौजूद रहने के लिए पैसे देने पड़ते हैं, तो मृत शरीर के साथ दुष्कर्म तक किया जाता है।
अभय मिश्रा के इसी बयान को लेकर अब डॉक्टर संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर विधायक के बयान पर कार्रवाई की मांग की है और अभय मिश्रा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।
अब इस पूरे मामले में राजनीतिक विवाद के साथ डॉक्टर संगठनों की नाराजगी भी सामने आ गई है। बड़ा सवाल यही है कि अभय मिश्रा के इस बयान पर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व क्या रुख अपनाता है और क्या विधायक की ओर से इस मामले में सार्वजनिक माफी या कोई सफाई सामने आती है।

