ट्विशा शर्मा मौत मामला बना रहस्य! CCTV, मां से आखिरी बातचीत और मेडिकल रिकॉर्ड में टाइमिंग का बड़ा खेल, 9 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार

भोपाल। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में मौत की असली टाइमिंग अब सबसे बड़ा सवाल बन गई है। रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर सीसीटीवी फुटेज, मां से आखिरी बातचीत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एम्स के रिकॉर्ड एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं। यही वजह है कि 9 दिन बाद भी ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है और पूरा मामला रहस्य बनता जा रहा है।

दरअसल, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह का कहना है कि रात 10 बजकर 10 मिनट पर ट्विशा की मां का फोन आया था और रात 10 बजकर 50 मिनट तक वे एम्स पहुंच गए थे। लेकिन एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज समय के मुताबिक ट्विशा की बॉडी रात 12 बजकर 5 मिनट पर अस्पताल लाई गई थी और उसे मृत घोषित किया गया।

वहीं दूसरी तरफ ट्विशा के परिजनों का दावा है कि रात 9 बजकर 41 मिनट तक ट्विशा अपनी मां से बातचीत कर रही थी। इस बीच घर की सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और उलझा दिया है। फुटेज में शाम 7 बजकर 20 मिनट पर ट्विशा छत पर जाती हुई दिखाई देती है, जबकि रात 8 बजकर 17 मिनट पर तीन लोग उसकी बॉडी नीचे लाते हुए नजर आ रहे हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ट्विशा की मौत कब हुई?

गौरतलब है कि नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा का शव 12 मई 2026 को भोपाल स्थित ससुराल में मिला था। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों का आरोप है कि पति समर्थ सिंह लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा था। ट्विशा की शादी 12 दिसंबर 2025 को पूर्व जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी।

मामले में पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही SIT का गठन भी किया गया है। गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।

पुलिस को आशंका है कि समर्थ सिंह देश छोड़कर भाग सकता है, इसलिए उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। भोपाल पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और पासपोर्ट कार्यालय को पत्र लिखकर उसका पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की छह टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *