आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में रविवार को युवक कांग्रेस ने नीट पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलेभर से बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतरे और राज्य तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। प्रदर्शन के दौरान पूरे शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया और प्रशासन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
युवक कांग्रेस का यह प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी सीबी सिंह चौहान और जिला अध्यक्ष पुष्पराज रावत पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और भर्ती घोटालों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है, जबकि बेरोजगारी और महंगाई ने आम लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी थी। हालांकि युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की और बैरिकेड्स हटाकर कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछारों के बावजूद कार्यकर्ता अपने मांगों को लेकर डटे रहे और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और पेपर लीक तथा भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आलीराजपुर में हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर युवाओं से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि युवक कांग्रेस की मांगों पर सरकार और प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

