PM मोदी के 12 साल: ‘प्रधानसेवक’ के रूप में देश को नई दिशा देने का दावा, सीएम डॉ. मोहन यादव ने गिनाईं उपलब्धियां

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 साल पहले देशवासियों ने विश्वास के साथ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना था, लेकिन उन्होंने हमेशा खुद को ‘प्रधानसेवक’ मानकर देश की सेवा की है। इसी भावना के साथ वे विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की सेवा को ही ईश्वर की सेवा माना है और सुशासन के साथ विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ उन्होंने गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति दिलाकर उनके सम्मान की रक्षा की गई। वहीं कोविड महामारी के कठिन दौर में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। भारत ने कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का भी परिचय दिया।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई है। आज देश का आम नागरिक सम्मान और आत्मनिर्भरता का अनुभव कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत विश्व मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और इसके पीछे सरकार की जनहितकारी नीतियां और संवेदनशील निर्णय अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुद्रा योजना, स्वनिधि योजना और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण हुआ है और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ी है। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को जनभागीदारी के माध्यम से हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और आने वाला समय भारत के लिए नई संभावनाओं का दौर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *