लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती! दिल्ली से सिवनी तक पहुंची जांच, सामने आया एमपी कनेक्शन

सिवनी। दिल्ली के एक व्यापारी से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए व्यापारी को धमकी दी और भारी रकम की मांग की। मामला सामने आते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई और जांच का दायरा राजधानी से निकलकर मध्य प्रदेश के सिवनी जिले तक पहुंच गया।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से व्यापारी को धमकी दी गई थी, वह नंबर सिवनी निवासी एक युवक के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम सीधे सिवनी पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से संबंधित युवक से पूछताछ शुरू की।

जांच में सामने आया कि यह मोबाइल नंबर सुनील सतनामी नाम के युवक के नाम पर दर्ज है। हालांकि अब तक की पड़ताल में युवक की फिरौती मांगने या किसी आपराधिक गतिविधि में प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है। इसके बावजूद पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच यह संकेत दे रही है कि किसी अनाधिकृत तरीके से युवक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। इसी कड़ी में उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर विशेषज्ञ भी कॉल डिटेल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप गतिविधियों और अन्य तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर धमकी देने वाले लोग कौन थे और उनका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।

फिलहाल दिल्ली पुलिस और सिवनी पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *