25 दिन का अल्टीमेटम! सहारा इंडिया निवेशकों का फूटा गुस्सा, भुगतान नहीं मिला तो होगा अनिश्चितकालीन धरना

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र में सहारा इंडिया के निवेशकों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया। वर्षों से अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार कर रहे सैकड़ों पीड़ितों ने रैली निकालकर “सहारा ने किया बेसहारा” के नारे लगाए और तहसील कार्यालय व पुलिस थाने पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे निवेशकों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई सहारा इंडिया में निवेश की थी, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी उनका पैसा वापस नहीं मिला। उनका आरोप है कि भुगतान न होने के कारण कई परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। पीड़ितों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि 25 दिनों के भीतर ब्याज सहित उनकी पूरी राशि लौटाई जाए, रिफंड की प्रक्रिया को आसान बनाया जाए और इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

निवेशकों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर 25 अगस्त 2026 तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं और भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे सरई के शिव मंदिर परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि पीड़ितों को राहत मिलती है या आंदोलन और तेज होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *