भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त 2026 को अपने पहले जन-विश्वास दौरे की शुरुआत छिंदवाड़ा से करने जा रहे हैं। इस दौरान वे जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज चिन्हित शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों की समस्याएं सुनेंगे और यह भी जानेंगे कि उनका समाधान कितना प्रभावी ढंग से हुआ है।
इस कार्यक्रम के लिए पहले से दर्ज शिकायतों का चयन किया जा रहा है। संबंधित विभाग प्राथमिक स्तर पर इन शिकायतों की जांच और निराकरण सुनिश्चित करेंगे। जिन शिकायतों का समाधान हो चुका होगा, उनमें से चयनित शिकायतकर्ताओं को कार्यक्रम में बुलाया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री उनसे सीधे बातचीत कर समाधान की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करेंगे।
जन-विश्वास दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके साथ ही वे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ उद्योग संवाद में भाग लेकर निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच भरोसा मजबूत करना, शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। छिंदवाड़ा से शुरू होने वाला यह अभियान प्रदेशभर में सुशासन और जनता से सीधे संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

