लखनऊ. पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद छिड़ी सियासत के बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला है और EVM व एजेंसियों पर उठ रहे सवालों को लेकर बड़ा बयान दिया है।
केशव मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव जैसे नेताओं का चुनाव हारने के बाद ‘सियासी प्रलाप’ करना लोकतंत्र का मजाक है, क्योंकि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है।
उन्होंने कहा कि हार के बाद आत्ममंथन करने की बजाय EVM, चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों पर आरोप लगाना अपनी नाकामी छिपाने का तरीका है और यह जनता को गुमराह करने की कोशिश है।
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए यही दल लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अनदेखी करते हैं और परिवारवाद को बढ़ावा देते हैं, जबकि अब हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाकर खुद को सही साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्ष को जमीन पर काम करना होगा, लेकिन वे ऐसा करने की बजाय सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप में लगे रहते हैं, जिससे वे खुद ही जनता के बीच हास्य का विषय बन जाते हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि जनता सब समझती है और उसने यह तय कर लिया है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है, इसलिए भाजपा ही देश का वर्तमान और भविष्य है।

