मथुरा.वृंदावन के प्रसिद्ध संत Premanand Maharaj की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते उनकी रोजाना होने वाली पदयात्रा और एकांत वार्ता कार्यक्रम को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। श्री राधा हित केली कुंज आश्रम की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि पिछले दो दिनों से महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है, इसलिए फिलहाल सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रोक दिए गए हैं।
आश्रम से मिली जानकारी के मुताबिक प्रेमानंद महाराज रोज सुबह करीब 3 बजे वृंदावन परिक्रमा मार्ग से अपनी पदयात्रा शुरू करते थे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंचते थे। पदयात्रा के बाद महाराज जी भक्तों के साथ एकांत वार्ता भी करते थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों की वजह से अब इन कार्यक्रमों को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
आश्रम प्रशासन ने कहा है कि जैसे ही महाराज जी की तबीयत में सुधार होगा, वैसे ही श्रद्धालु फिर से उनके दर्शन और सत्संग में शामिल हो सकेंगे। फिलहाल भक्त उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और देशभर से उनके लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज पिछले करीब 20 वर्षों से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उनका नियमित डायलिसिस होता है, जिसकी वजह से अक्सर स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहता है। बावजूद इसके वे लगातार अपने भक्तों को समय देते रहे हैं और प्रतिदिन पदयात्रा तथा सत्संग करते रहे हैं।
देशभर की बड़ी हस्तियां भी प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचती रही हैं। इसी साल मार्च महीने में Droupadi Murmu भी केली कुंज आश्रम पहुंची थीं। उन्होंने प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया था और अध्यात्म, सेवा तथा जनकल्याण जैसे विषयों पर उनसे विशेष चर्चा भी की थी।

