नोएडा में सनसनीखेज खुलासा, छत से गिरने का मामला निकला मर्डर, अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या

नोएडा। नोएडा में छत से गिरकर युवक की मौत और उसकी महिला मित्र के घायल होने का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। शुरुआत में जिसे हादसा माना जा रहा था, पुलिस जांच में वह हत्या का मामला निकला है।

मेरठ निवासी पुनीत की मौत और उसकी दोस्त विद्या के गंभीर रूप से घायल होने के पीछे अब मकान मालिक और उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक मकान मालिक हितेश राणा को अपनी पत्नी चंचल और किरायेदार पुनीत की दोस्ती पर शक था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में तनाव चल रहा था।

आरोप है कि समझौते और माफी के बहाने पुनीत को बुलाया गया, जहां वह अपनी दोस्त विद्या के साथ पहुंचा था। लेकिन वहां पहुंचते ही विवाद बढ़ गया।

परिजनों का दावा है कि पुनीत और विद्या को बंधक बनाकर हॉकी से बेरहमी से पीटा गया। यहां तक कि पुनीत ने माफी मांगी और अपना सिम तक तोड़ दिया, लेकिन इसके बावजूद दोनों को रातभर प्रताड़ित किया गया।

बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए दोनों तीसरी मंजिल की छत की ओर भागे, लेकिन पीछे आरोपियों को देखकर घबराहट में नीचे कूद गए। इस घटना में पुनीत की मौत हो गई, जबकि विद्या गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक के चाचा प्रवीण चौहान का कहना है कि मकान मालिक की पत्नी पुनीत की कॉलेज फ्रेंड थी और इसी दोस्ती को लेकर विवाद बढ़ा था।

अब पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *