लखनऊ. चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष हार की कुंठा में संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुटा हुआ है।
पंकज चौधरी ने कहा कि ‘समाप्तवादी पार्टी’ के अध्यक्ष जी अब अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति अब सिर्फ बहाने बनाने और जनता को गुमराह करने तक सीमित रह गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को सपा का गुंडाराज और परिवारवाद अच्छी तरह याद है और प्रदेश की जनता अब पीडीए जैसे नारों में आने वाली नहीं है।
भाजपा नेता ने बंगाल चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मिली वोट की चोट से विपक्ष बौखला गया है और अब 2027 की हार का माहौल पहले से बनाकर बहाने तलाशे जा रहे हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष चाहे जितने आरोप लगाए, लेकिन जनता सब देख रही है और इस बार उत्तर प्रदेश में सपाइयों की ‘भय की दुकान’ पर हमेशा के लिए अलीगढ़ी ताला लगने वाला है।
उन्होंने यह भी कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले दल अब जनता का विश्वास खो चुके हैं और इसी वजह से वे लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।

