ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे, CM योगी ने भारतीय सेना को किया सलाम, बोले- हमारे वीर जवानों का शौर्य और बलिदान ही नए भारत की सबसे बड़ी ताकत

लखनऊ। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम किया है। सीएम योगी ने कहा कि यह ऑपरेशन नए भारत के आत्मविश्वास, साहस और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि 145 करोड़ देशवासियों की एकजुटता और भारतीय सेना के अदम्य साहस ने दुनिया को साफ संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय सेना के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे वीर सैनिकों का त्याग, तप और शौर्य ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति की पहचान है। सीएम योगी ने कहा कि यह विजयगाथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और देश हमेशा अपने जवानों का ऋणी रहेगा।

वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी ऑपरेशन सिंदूर की पहली सालगिरह पर भारतीय सेना को नमन किया। उन्होंने कहा कि पिछले साल आज ही के दिन भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए सीमा पार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पूरी दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया था।

केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत अब आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर आतंकी साजिश का मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का पराक्रम और मातृभूमि के प्रति समर्पण देश के लिए गर्व की बात है। जय हिंद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *