जबलपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि मामले में आज मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। माना जा रहा है कि कोर्ट इस मामले में बड़ा फैसला सुना सकता है। यह मामला केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान से जुड़ा हुआ है, जिन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
दरअसल यह पूरा मामला साल 2018 का है। झाबुआ में एक चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी ने पनामा पेपर लीक मामले को लेकर कार्तिकेय चौहान का नाम लिया था। राहुल गांधी के इसी बयान को आधार बनाते हुए कार्तिकेय चौहान ने भोपाल की MPMLA कोर्ट में मानहानि का मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद MPMLA कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया था। पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनी थीं। राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि उनका पक्ष सुने बिना ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस मामले की टाइमलाइन भी काफी चर्चाओं में रही है। 30 अक्टूबर 2018 को कार्तिकेय चौहान ने MPMLA कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 27 फरवरी 2025 को भोपाल की MPMLA कोर्ट ने मामला दर्ज किया। 9 मई 2025 को राहुल गांधी को पहली बार कोर्ट में पेश होने का नोटिस जारी हुआ, लेकिन पेश नहीं होने पर 10 मई को दूसरा नोटिस जारी किया गया। बाद में 28 अगस्त 2025 की तारीख भी तय की गई थी।
मार्च 2026 में राहुल गांधी ने निचली अदालत की कार्यवाही को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया। वहीं 7 मई 2026 को दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद हाईकोर्ट ने 12 मई को अंतिम सुनवाई की तारीख तय की थी।
अब सबकी नजरें आज होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, क्योंकि इस फैसले का असर प्रदेश की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक दिखाई दे सकता है।

