PM मोदी की अपील बेअसर? सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पदभार लेने पहुंचे पाठ्य पुस्तक निगम के चेयरमैन, भोपाल की सड़कों पर लगा लंबा जाम

भोपाल। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और कम से कम वाहनों का उपयोग करने की अपील कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेताओं पर इस अपील का असर दिखाई नहीं दे रहा। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां पाठ्य पुस्तक निगम के नए चेयरमैन सौभाग्य सिंह ठाकुर सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पदभार लेने पहुंचे, जिससे शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया।

बताया जा रहा है कि सौभाग्य सिंह ठाकुर उज्जैन से भोपाल तक बड़े वाहन काफिले के साथ निकले थे। इस दौरान रास्ते में कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ और राजधानी भोपाल में बोर्ड ऑफिस से लेकर अरेरा हिल्स तक लंबा जाम देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और उसके असर को देखते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने और अनावश्यक वाहनों से बचने की बात कही थी।

लेकिन भोपाल में पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान जिस तरह सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकला, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब आम जनता से ईंधन बचाने की अपील की जा रही है, तो नेताओं को भी इसका पालन करना चाहिए।

अब यह मामला राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है और सोशल मीडिया पर भी लोग इसे लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *