महंगाई पर महिला कांग्रेस का हल्लाबोल! भोपाल में स्कूटी को धक्का लगाकर पेट्रोल पंप पहुंचीं कार्यकर्ता, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

भोपाल। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को नानके पेट्रोल पंप पर आयोजित इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्कूटी को धक्का लगाते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उनका आरोप है कि पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए के पार पहुंच चुकी हैं, जबकि डीजल और एलपीजी सिलेंडर के दाम भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

रीना बोरासी ने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार चुनावी राजनीति में व्यस्त नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों की रसोई और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।

भोपाल में हुए इस प्रदर्शन का वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जहां लोग महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *