उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri के साथ शनिवार को गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के प्रथम चरण का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। यह अत्याधुनिक स्टेडियम गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 30 हजार होगी। इसमें 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएंगी, जिससे यह पूर्वांचल का बड़ा क्रिकेट हब बन सकेगा। बताया जा रहा है कि इस परियोजना के लिए पेट्रोलियम कंपनियां अपने CSR फंड से 100 करोड़ रुपये का योगदान देंगी।
यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के पास तालनौर इलाके में बनाया जाएगा और इसका निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के विजन के अनुरूप प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार अब तक 534 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नौकरी दे चुकी है और 500 नई भर्तियों की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर गांव में खेल मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जिले में एक बड़ा स्टेडियम बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें।

