‘सरकार ने हमें कीड़ा समझा…’ सड़क पर रेंगते हुए मंत्री आवास पहुंचे 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला बड़ा हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर फूट पड़ा। शिक्षा मंत्री Sandeep Singh के आवास के बाहर अभ्यर्थियों ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए सड़क पर लेटकर और रेंगते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार की नजर में उनकी कोई कीमत नहीं रह गई है, इसलिए वे खुद को कीड़े-मकौड़ों की तरह रेंगकर अपना दर्द दिखा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कई अभ्यर्थी भावुक नजर आए। उनका कहना था कि लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। एक अभ्यर्थी ने कहा कि अब घर वाले भी जवाब मांग रहे हैं और सरकार से भी उम्मीद टूट चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अब भी सुनवाई नहीं हुई तो सभी अभ्यर्थी सामूहिक आत्मदाह जैसा बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।

भीषण गर्मी के बीच प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। कुछ लोग सड़क पर ही बदहवास होकर बैठ गए, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पानी पिलाया और संभाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर रेंगते हुए प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav का भी बड़ा बयान सामने आया है। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण के अधिकार को खत्म करने वाली भाजपा अंदर ही अंदर खुश हो रही होगी कि वंचित और पीड़ित समाज आज भी उनके सामने दंडवत होकर न्याय मांगने को मजबूर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों को यह याद रखना चाहिए कि जब किसी इंसान की लगातार अनदेखी होती है और उसकी हर उम्मीद टूट जाती है, तब वह सीमाएं लांघने पर मजबूर हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें अपमानित करने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *