ग्वालियर में प्रेमिका की मौत के बाद मचा हड़कंप, पत्नी बताकर चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने पहुंचा युवक, पुलिस पूछताछ में खुला लिव-इन रिलेशनशिप का राज

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब एक युवक अपनी प्रेमिका का चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने मुक्तिधाम पहुंच गया। मामला कंपू थाना क्षेत्र का है, जहां गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि युवक योगेश महिला को फरीदाबाद से ग्वालियर लेकर आया था। शुरुआत में उसने पुलिस को बताया कि मृतिका उसकी पत्नी है और वह अंतिम संस्कार करने आया है। लेकिन जब पुलिस ने शादी से जुड़े दस्तावेज और महिला की मौत को लेकर सवाल पूछे, तो युवक घबरा गया और पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया।

जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका मीनू की शादी पहले भिंड निवासी रामचंद्र चौहान से हुई थी। बाद में उसकी दोस्ती योगेश से हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। बताया जा रहा है कि साल 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

जानकारी के मुताबिक योगेश नर्सिंग वर्कर है और महिला की तबीयत खराब होने पर वह घर पर ही उसका इलाज कर रहा था। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस को गंभीर शक है।

फिलहाल पुलिस ने योगेश को हिरासत में ले लिया है। वहीं महिला के शव का पोस्टमार्टम अब परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। कंपू थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *