भोपाल की फेथ क्रिकेट अकादमी का संचालक गिरफ्तार! पूर्व DGP को फर्जी दस्तावेजों से फर्म से बाहर करने का आरोप, 4 साल पुराने केस में बड़ा एक्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित फेथ क्रिकेट अकादमी के संचालक राघवेंद्र सिंह तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई चार साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में हबीबगंज थाना पुलिस ने गुरुवार रात की। आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मध्यप्रदेश के पूर्व डीजीपी एच.एम. जोशी को पार्टनरशिप फर्म से बाहर कर दिया था।

जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड डीजीपी एच.एम. जोशी अरेरा कॉलोनी में रहते हैं और उनकी रातीबड़ क्षेत्र के ग्राम सेमरी में जमीन है। इसी जमीन पर क्रिकेट अकादमी बनाने के उद्देश्य से साल 2017 में एच.एम. जोशी और फेथ क्रिकेट अकादमी के संचालक राघवेंद्र सिंह तोमर के बीच साझेदारी हुई थी। दोनों ने मिलकर “मैसर्स फेथ क्रिकेट क्लब” नाम से एक पार्टनरशिप फर्म बनाई थी।

आरोप है कि करीब दो साल बाद राघवेंद्र सिंह तोमर ने पूर्व डीजीपी को फर्म से बाहर करने की साजिश रची और इसके लिए फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया गया। शिकायत के मुताबिक दस्तावेजों में एच.एम. जोशी के नकली हस्ताक्षर किए गए थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी।

अब इसी मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए अकादमी संचालक राघवेंद्र सिंह तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे फिलहाल इस मामले में ज्यादा जानकारी देने से बचते नजर आए।

चार साल पुराने इस हाई प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने लंबे समय तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और क्या इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *