भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। इस हाई प्रोफाइल केस की जांच अब केंद्रीय जांच एजेंसी CBI करेगी। मध्यप्रदेश सरकार के गृह विभाग ने इस संबंध में सीबीआई को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।
दरअसल 12 मई को भोपाल के बाग मुगलिया एक्सटेंशन इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मामले को दहेज मृत्यु और आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। लगातार बढ़ते विवाद, परिवार के आरोपों और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच CBI को सौंपने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह विभाग ने तुरंत आदेश जारी करते हुए सीबीआई को पत्र भेज दिया।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार का दावा है कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग भी की थी। हालांकि भोपाल कोर्ट ने दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
अब तक ट्विशा का शव मॉर्च्युरी में रखा हुआ है और मामले को लेकर कानूनी लड़ाई भी जारी है। हाईकोर्ट में आज इस केस को लेकर सुनवाई होनी है। अदालत पहले ही पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दे चुकी है।
इस बीच CBI जांच के फैसले के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर ट्विशा शर्मा की मौत के पीछे की असली सच्चाई क्या है और क्या CBI जांच से इस हाई प्रोफाइल मिस्ट्री से पर्दा उठ पाएगा।

