ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का सख्त और नाराज अंदाज देखने को मिला। नगर निगम कर्मचारियों ने नाले की सफाई का दावा किया था, लेकिन जब स्थानीय लोगों की शिकायत पर मंत्री खुद मौके पर पहुंचे तो हकीकत कुछ और ही निकली। नाले में भारी गंदगी जमा थी और पानी का बहाव भी प्रभावित हो रहा था। यह देखकर मंत्री तोमर मौके पर ही अधिकारियों पर भड़क उठे।
दरअसल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी विधानसभा क्षेत्र के चंदनपुरा, विनय नगर और शब्द प्रताप आश्रम इलाके में जनसमस्याओं और विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान सिंधिया पार्क के पास स्थित पुराने नाले की स्थिति देखकर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
मंत्री तोमर ने सख्त लहजे में कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले अगले 20 दिनों के अंदर इस पूरे नाले की सफाई सुपर सकर मशीन से कराई जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर अगली बार ऐसी स्थिति मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो FIR भी दर्ज करवाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री का गुस्सा और अधिकारियों को दी गई चेतावनी अब शहर में चर्चा का विषय बन गई है। मंत्री ने साफ कहा कि जनता की परेशानियों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों को हर हाल में जवाब देना होगा।

