ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित जोड़े की दो दिनों के भीतर मौत हो गई। पहले पत्नी ने आत्महत्या की और फिर उसकी मौत का सदमा पति बर्दाश्त नहीं कर सका। लगातार हुई इन दो मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और अब हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया।
जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले ज्योति उर्फ मेघा ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ था और रिश्तेदार भी सदमे में थे। लेकिन किसी ने शायद यह नहीं सोचा था कि पत्नी की मौत के गम में पति सिद्धार्थ भी ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा।
पत्नी की मौत के बाद टूट चुके सिद्धार्थ ने ग्वालियर की कुंज विहार कॉलोनी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पत्नी ज्योति की तरह ही पति सिद्धार्थ के पास से भी कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
अब पुलिस दोनों मौतों के पीछे की असली वजह तलाशने में जुट गई है। जांच के लिए पति-पत्नी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस नवविवाहित जोड़े ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
दो दिनों में हुई इन दो मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा कौन सा दर्द था जो दोनों अपनी जिंदगी से हार गए? क्या दोनों किसी मानसिक तनाव में थे या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी हुई है? फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

