सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली में आज से तीन दिवसीय सिंगरौली महोत्सव का भव्य आगाज होने जा रहा है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री Mohan Yadav खुद कार्यक्रम में शामिल होंगे और जिलेवासियों को कई बड़ी सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री भोपाल से रीवा तक विमान से पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर के जरिए वैढ़न आएंगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे उनका हेलीकॉप्टर एनसीएल बाउंड्री ग्राउंड बिलौंजी में उतरेगा। यहां पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन करेंगे और जिले को नई खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात देंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। फिर वे एनटीपीसी विंध्याचल के उमंग भवन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां स्कूली छात्राओं से संवाद करेंगे और दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटर वितरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिलाओं के खातों में गैस सब्सिडी की राशि भी ट्रांसफर करेंगे, जिससे बड़ी संख्या में बहनों को राहत मिलेगी।
शाम होते ही सिंगरौली महोत्सव का रंग और भी खास होने वाला है। मुख्यमंत्री वैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम पहुंचकर महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। महोत्सव के पहले दिन मशहूर गायक Kailash Kher अपनी शानदार प्रस्तुति देकर समां बांधेंगे। उनके लाइव परफॉर्मेंस को लेकर युवाओं और संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
महोत्सव के बाद मुख्यमंत्री एनटीपीसी विंध्याचल के सूर्या भवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन रविवार को वे जिले में संचालित कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से रीवा के लिए रवाना हो जाएंगे।

