बुधनी के आबलीघाट में जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम, मंत्री कृष्णा गौर ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ

 बुधनी। सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध नर्मदा तट आबलीघाट में जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला प्रभारी और पिछड़ा वर्ग-अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत माँ नर्मदा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और कन्या पूजन के साथ हुई। इसके बाद मंत्री कृष्णा गौर माँ नर्मदा का कलश लेकर निकली भव्य कलश यात्रा में भी शामिल हुईं।

कलश यात्रा के बाद मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत ने जल गंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए माँ नर्मदा के संरक्षण और जल संवर्धन को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा जल गंगा संवर्धन अभियान प्रदेश को जल संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी मातृ शक्तियों ने सदियों से परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजकर रखा है, यही वजह है कि आज भी हमारी संस्कृति मजबूत बनी हुई है।

मंत्री कृष्णा गौर ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पानी बचाना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को जल संरक्षण और जल सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने नर्मदा नदी में गांव का गंदा पानी मिलने को लेकर सवाल पूछा तो मंत्री इस मुद्दे पर सीधा जवाब देने से बचती नजर आईं। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *