प्रेमानंद महाराज का भावुक संदेश! बोले- हम रहें ना रहें, तुम्हारा मंगल जरूर होगा, भक्तों से की खास अपील

मथुरा.वृंदावन के प्रसिद्ध संत Premanand Maharaj का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से खराब चल रहा है। इसी वजह से 17 मई से उनकी रात्रि पदयात्रा भी बंद है। इस बीच प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों के लिए एक बेहद भावुक संदेश जारी किया है, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावुक हो गए।

वीडियो में महाराज जी अपने भक्तों से कहते नजर आ रहे हैं कि बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें या ना मिलें, बोलें या ना बोलें, आएं या ना आएं, लेकिन हमारा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर तुम्हें प्यार पर विश्वास है, तो समझ लेना कि हम हमेशा तुम्हारे साथ हैं और चाहते हैं कि सभी भक्त श्रीजी के चरणों तक पहुंचें।

प्रेमानंद महाराज ने कहा कि बिना बोले भी हम तुम्हारे दिमाग और दिल में रहेंगे। तुम वही करोगे जो गुरुदेव कहेंगे। इसलिए किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

महाराज जी ने भक्तों से अपील करते हुए कहा कि जो जहां जिस सेवा में लगा है, वह उसी सेवा में बना रहे। खूब नाम जप करें और भगवान की भक्ति में लगे रहें। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि हम रहें या ना रहें, आएं या ना आएं, लेकिन तुम्हारा मंगल जरूर होगा।

बता दें कि 18 मई को उनके स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी सामने आई थी। आश्रम की ओर से बताया गया था कि प्रेमानंद महाराज रोजाना तड़के सुबह 3 बजे वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर पदयात्रा करते थे और भक्तों को दर्शन देते थे, लेकिन स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण फिलहाल पदयात्रा रोक दी गई है।

आश्रम की ओर से यह भी कहा गया है कि जैसे ही महाराज जी का स्वास्थ्य बेहतर होगा, श्रद्धालु फिर से उनके दर्शन और एकांत वार्ता का लाभ ले सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *