महाकाल के दरबार में पहुंचे यूपी के राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, बाबा महाकाल के दर्शन कर बोले- ‘मन को मिली अद्भुत शांति’, उज्जैन मंदिर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की खुलकर की सराहना

उज्जैन।उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति सोमवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और राज्यमंत्री ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि पहले की तुलना में अब मंदिर की व्यवस्थाएं काफी बेहतर और व्यवस्थित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक अनुभूति का एहसास होता है। मंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से यहां आने वाले भक्तों को सहज और सुगम दर्शन मिल रहे हैं, जिससे लोगों की आस्था और अधिक मजबूत हो रही है।

राज्यमंत्री ने मंदिर प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों और सेवकों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर प्रबंधन किया गया है, जो सराहनीय है। साथ ही उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करने और इस दिव्य आध्यात्मिक अनुभव का लाभ लेने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *