प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- सुरक्षित सीमाओं, आतंकवाद पर सख्त प्रहार और वैश्विक मंच पर बुलंद हुई भारत की आवाज

लखनऊ. प्रधानमंत्री के रूप में Narendra Modi ने अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खास संदेश साझा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि ‘प्रधान सेवक’ के रूप में उन्होंने सुशासन, कर्तव्य और लोककल्याण को समर्पित शानदार 12 साल पूरे किए हैं।

पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने वंचितों और गरीबों के उत्थान को अपना मुख्य संकल्प बनाया। आत्मनिर्भर भारत की सोच ने हर नागरिक को नई ताकत दी और जनभागीदारी के जरिए विकास एक राष्ट्रव्यापी अभियान बन गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण आज देश महिला सशक्तिकरण, आधुनिक तकनीक, आर्थिक समृद्धि और सांस्कृतिक गौरव के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षित सीमाओं, आतंकवाद पर कड़े प्रहार और वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति ने देश को एक आत्मनिर्भर और विश्वसनीय महाशक्ति के रूप में स्थापित किया है। टेक्नोलॉजी, युवा शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का संगम विकसित भारत 2047 के संकल्प को नई ऊर्जा और गति दे रहा है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और खुशहाली पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यही विश्वास आज ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर साकार करता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *