प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत या बड़ी साजिश? कुएं में मिले युवक-युवती के शव से मचा हड़कंप, बाहर मिला सिंदूर और संदिग्ध सामान

मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नईगढ़ी थाना क्षेत्र के अकौरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक कुएं से युवक और नाबालिग युवती के शव बरामद किए गए। इस डबल डेथ केस ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं के पास मोबाइल फोन, सिंदूर और कुछ संदिग्ध सामान पड़ा देखा। इसके बाद अनहोनी की आशंका जताई गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नईगढ़ी थाना और रामपुर चौकी पुलिस ने जब कुएं में तलाश शुरू की तो एक के बाद एक दो शव बाहर निकाले गए।

मृतकों की पहचान 24 वर्षीय शिवकुमार साकेत और 17 वर्षीय नाबालिग रेशमा साकेत के रूप में हुई है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोनों रिश्ते में दादा और पोती बताए जा रहे हैं। गांव में इस रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं और कथित प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मृतका रेशमा कुछ दिन पहले यानी 19 मई को भी घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने 23 मई को उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था। लेकिन महज दो दिन बाद वह फिर गायब हो गई और अब उसकी लाश कुएं में मिली है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या दोनों लगातार संपर्क में थे? क्या सामाजिक दबाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है?

मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब मृतक के परिजनों ने शवों पर चोट के निशान होने का दावा किया। इसके बाद ऑनर किलिंग या हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

फिलहाल गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *