‘मां… मैंने दवाई खा ली’ कहकर तड़प उठी नई नवेली दुल्हन, शादी के सिर्फ 26 दिन बाद मौत, 13 साल की बच्ची की मौत से गांव में मातम

झांसी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज 26 दिन बाद एक नई नवेली दुल्हन की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका की उम्र महज 13 साल बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह मामला कटेरा थाना क्षेत्र के कचनेव गांव का है। जानकारी के मुताबिक रोहिणी नाम की किशोरी की शादी 30 अप्रैल को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी रसिया केवट से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ मायके आई हुई थी। सोमवार रात गांव में रामलीला और भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान किशोरी ने कथित तौर पर जहरीली दवा खा ली।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़पते हुए अपनी मां के पास पहुंची। रोते हुए उसने मां से कहा, “मां… मैंने दवाई खा ली…” यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि मृतका नाबालिग थी और आधार कार्ड के अनुसार उसकी उम्र करीब 13 वर्ष थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति सहित परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया। वहीं इस घटना ने बाल विवाह और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *