एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। मकान विवाद को लेकर शुरू हुआ घरेलू झगड़ा इतना बढ़ गया कि बहू ने अपनी ही बुजुर्ग सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि इस घटना से आहत होकर सास ने जहर खा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर इलाके का है। यहां रहने वाले परिवार में मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन बेटे-बहू और बुजुर्ग दंपति के बीच कहासुनी होती रहती थी। लेकिन घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि बहू ने अपना आपा खो दिया और अपनी सास के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में कथित तौर पर बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि इस अपमान और पिटाई से बुजुर्ग महिला अंदर से टूट गईं और उन्होंने जहर खा लिया।
जब महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तब परिवार के लोगों को जहर खाने की जानकारी हुई। इसके बाद बेटी और पति तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी का इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
महिला के पति ने बेटे और बहू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को मारपीट का वीडियो भी सौंपा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और बुजुर्गों के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

