भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। जबलपुर हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद Central Bureau of Investigation यानी सीबीआई ने मामले में बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है।
राजधानी भोपाल स्थित आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर पर सीबीआई की टीम पिछले कई घंटों से मौजूद है। बंद कमरे में लगातार पूछताछ की जा रही है और पूरे घर की बारीकी से जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई टीम विशेष वैज्ञानिक उपकरणों के साथ घर पहुंची है। घर के अंदर हर हिस्से की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और 3D मैपिंग के जरिए पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने और री-क्रिएट करने की कोशिश की जा रही है।
माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद सीबीआई कभी भी बड़ा कदम उठा सकती है। संभावना जताई जा रही है कि गिरिबाला सिंह को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भी ले जाया जा सकता है।
इस बीच मामले में महाधिवक्ता प्रशांत सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने खुलासा किया कि ट्विशा शर्मा के शरीर पर मौत से पहले 7 गंभीर चोटों के निशान मौजूद थे। उन्होंने साफ कहा कि शव को ऊपर से नीचे उतारने के दौरान ये चोटें नहीं आई थीं।
महाधिवक्ता ने यह भी कहा कि निचली अदालत ने जमानत देते समय कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक तथ्यों को नजरअंदाज कर दिया था। यहां तक कि एफआईआर दर्ज होने से पहले ही आरोपी को जमानत मिल गई थी।
प्रशांत सिंह के मुताबिक गिरिबाला सिंह ने पुलिस के नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और जांच में भी सहयोग नहीं किया। अब पूरे मामले में सीबीआई की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

