सीएम डॉ. मोहन यादव ने द्वारकाधीश के किए दर्शन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद

भोपाल/द्वारका। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 सितंबर को गुजरात की देवभूमि द्वारका पहुंचकर वन द्वारकाधीश मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भगवान श्री द्वारकाधीश का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द्वारका आए हैं और देश में धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर हो रहे कामों को करीब से देख रहे हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। बाबा महाकाल की कृपा से अकेले उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 गुना बढ़ी है और वर्तमान में 10 करोड़ से ज्यादा दर्शनार्थी उज्जैन पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकाल लोक और काशी में जो प्रयोग किए हैं, वे अद्भुत हैं। मध्य प्रदेश सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रदेश के प्रमुख देवस्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हो, उनके ठहरने की बेहतर व्यवस्था हो और जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूरे किए जाएं। इन्हीं व्यवस्थाओं को देखने और समझने के लिए वे द्वारका भी पहुंचे हैं।

सीएम ने कहा कि आज सनातन संस्कृति का गौरवशाली अतीत एक बार फिर गौरवान्वित हो रहा है और देश के अलग-अलग राज्यों में देवस्थलों के विकास पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने द्वारका के धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह चार धामों में प्रमुख स्थान रखता है और चार शंकराचार्य पीठों में से एक पीठ भी यहीं स्थित है।

मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों सहित सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गोपाल कृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *