CM मोहन यादव का देसी अंदाज! अचानक समोसे की दुकान पर पहुंचे, पूछा- ‘कोई दिक्कत तो नहीं है?’

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav का सिंगरौली दौरे के दौरान बेहद अलग और मानवीय अंदाज देखने को मिला। ‘सिंगरौली गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री अचानक विंध्य नगर एनटीपीसी इलाके में स्थित मशहूर इलाहाबादी समोसे की दुकान पर रुक गए।

मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज को देखकर खुश नजर आया।

दुकान पर पहुंचकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने गरमा-गरम समोसे का स्वाद लिया और फिर दुकान संचालक से बेहद आत्मीय बातचीत की। उन्होंने किसी वीआईपी की तरह नहीं बल्कि परिवार के बड़े सदस्य की तरह दुकानदार से उसके परिवार और बच्चों के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पूछा कि बच्चे क्या कर रहे हैं और पढ़ाई कैसी चल रही है। इस पर दुकानदार ने बताया कि उसका बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि बेटी बीएड की पढ़ाई कर रही है। बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर परिवार की मेहनत सुनकर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानदार से यह भी पूछा कि व्यापार करने में या यहां रहने में किसी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है। उन्होंने प्रशासनिक दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री का यह सरल और जमीन से जुड़ा अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। आम लोगों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याएं जानने की इस तस्वीर को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *