ग्वालियर। ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पत्नी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। आत्महत्या की कोशिश से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और सोसायटी ग्रुप्स में वायरल कर दिया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके की मानपुर सरकारी मल्टी हाउसिंग सोसायटी का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले वेंकट शर्मा ने वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है।
वेंकट ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के कई लोगों से संबंध हैं और वह देर रात तक बड़ागांव इलाके के कुछ लोगों से फोन पर बात करती है। युवक का कहना है कि जब उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की, तो उन लोगों से उसे जान से मारने की धमकियां दिलवाई गईं।
वीडियो में वेंकट शर्मा ने यह भी कहा कि उसकी पत्नी उसे अपने बेटे से मिलने नहीं देती, जिसकी वजह से वह गहरे डिप्रेशन में चला गया है।
उसने पत्नी पर लग्जरी शौक रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर जहर खाने के बाद उसे कुछ हो जाता है, तो उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी, सास और पत्नी से फोन पर बात करने वाले लोग जिम्मेदार होंगे।
जहरीला पदार्थ खाने के बाद वेंकट की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि वेंकट शर्मा एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वहीं पुलिस अब वायरल वीडियो और युवक के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

