हीट वेव पर CM योगी सख्त! प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश, जनता से की सावधानी बरतने की अपील

लखनऊ.उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अस्पतालों में मरीजों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और पेयजल व बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया है। साथ ही आम जनता से भी लू और भीषण गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

सीएम योगी ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय बच्चों को बेवजह घर से बाहर न निकलने दें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बुजुर्गों को तेज धूप से बचाया जाए और उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच कराई जाए। उन्होंने लोगों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, ज्यादा पानी पीने और ओआरएस व नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।

सीएम योगी ने श्रमिकों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों, खेतों, बाजारों और खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। कार्यस्थलों पर छाया, पीने के पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग को भी पूरी तैयारी के साथ काम करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में खेतों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *