लखनऊ.उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच Om Prakash Rajbhar ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और Akhilesh Yadav पर जोरदार हमला बोला है।
ओपी राजभर ने कहा कि अब साफ हो गया है कि समाजवादी पार्टी में गैर यादव पिछड़ों और दलितों की हैसियत सिर्फ झंडा उठाने, दरी बिछाने और वोट देने तक ही सीमित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रजापति समाज से आने वाली सपा की महिला विधायक के साथ ही पार्टी के लोग मारपीट और अभद्रता कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि महिला विधायक के बेटे ने खुद कैमरे पर कुछ लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया है कि उनकी मां को धमकाया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
ओपी राजभर ने कहा कि इस पूरे मामले पर अखिलेश यादव पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे महाभारत में धृतराष्ट्र पुत्र मोह में अंधे थे, वैसे ही आज अखिलेश यादव ‘यादव मोह’ में अंधे हो गए हैं।
राजभर ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए सिर्फ चुनावी नारा बनकर रह गया है। असलियत में गैर यादव पिछड़ों और दलितों को सिर्फ अपमान मिलता है, जबकि संरक्षण जाति देखकर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब सपा की अपनी महिला विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम गरीब और पिछड़े समाज की बेटियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ओपी राजभर ने 2012 से 2017 के समाजवादी पार्टी शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है और अब लोग सब समझ चुके हैं।

