डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियों के बीच अचानक हंगामा मच गया। हाथों में मेहंदी, लाल जोड़ा पहने एक दुल्हन अपनी विदाई छोड़ सीधे थाने पहुंच गई। दुल्हन और उसके परिजनों ने सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक ईशानी शिक्षा एवं जनकल्याण समिति द्वारा सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया था। आयोजनकर्ताओं ने शादी करने वाले जोड़ों को मोटरसाइकिल और गृहस्थी का सामान देने का वादा किया था। इसके अलावा पंजीयन के नाम पर वर और वधू पक्ष से 10-10 हजार रुपये भी लिए गए थे।
डबरा निवासी लवली वाल्मीकि की शादी भी इसी सामूहिक विवाह सम्मेलन के तहत हो रही थी। लेकिन जब विवाह की रस्में पूरी होने के बाद परिजनों ने वादा किए गए सामान और सुविधाओं की जानकारी मांगी तो आयोजक टालमटोल करने लगे। कुछ ही देर बाद आयोजन से जुड़े लोग वहां से गायब हो गए और उनके मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगे।
अपने साथ धोखा होने का एहसास होने पर दुल्हन और उसके परिजन परेशान हो गए। हालात ऐसे बन गए कि विदाई से पहले ही दुल्हन लाल जोड़े में सीधे सिटी थाना पहुंच गई और पुलिस अधिकारियों के सामने पूरी आपबीती सुनाई।
दुल्हन लवली ने आरोप लगाया कि गोलू नरवरिया नाम के व्यक्ति ने पंजीयन के नाम पर 10 हजार रुपये लिए थे और मोटरसाइकिल सहित गृहस्थी का सामान देने का भरोसा दिलाया था। लेकिन शादी पूरी होने के बाद आयोजक अचानक गायब हो गए, जिससे उसकी विदाई तक रुक गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीओपी सौरव कुमार ने दुल्हन और उसके परिजनों से बात की और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है और आयोजकों की तलाश की जा रही है।
शादी के सबसे यादगार दिन पर दुल्हन का थाने पहुंचना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस मामले में सच क्या है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा।

