पीतांबरा पीठ पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, मां बगलामुखी के किए दर्शन, वनखंडेश्वर महादेव का किया अभिषेक

दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा पीठ में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उनके आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। दतिया हवाई पट्टी पर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर अगवानी की।

हवाई पट्टी से सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीतांबरा पीठ पहुंचे। मंदिर परिसर में उन्होंने विधि-विधान के साथ मां बगलामुखी देवी की पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पीठ परिसर में स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने उनके आगमन से पहले ही पूरे मंदिर परिसर को खाली करा लिया था। मुख्यमंत्री के दर्शन और पूजा कार्यक्रम के दौरान आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।

इस व्यवस्था के कारण दूर-दूर से दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर के बाहर इंतजार करना पड़ा। कई श्रद्धालु काफी देर तक मंदिर के बाहर खड़े रहे, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट ज़ोन में तब्दील कर दिया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के बाद कुछ समय तक पूजा-पाठ में भाग लिया और फिर सीधे हवाई पट्टी के लिए रवाना हो गए। पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा घेरा इतना मजबूत रहा कि मीडिया को भी निर्धारित सीमा से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

पूजा-अर्चना पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री बिना किसी सार्वजनिक संबोधन या मीडिया बातचीत के अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर दतिया और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *