इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पुलिस मुख्यालय में हर मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में इस बार भी बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें पारिवारिक विवाद, रुपये के लेनदेन, संपत्ति विवाद और आपसी मतभेद से जुड़े कई मामले शामिल रहे, लेकिन सबसे ज्यादा चिंता उन शिकायतों ने बढ़ाई, जिनमें बुजुर्गों ने अपने ही बेटे, बहू और बेटियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि जनसुनवाई में सैकड़ों शिकायतों की सुनवाई की गई। कई बुजुर्ग दंपतियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ परिवार के सदस्य दुर्व्यवहार कर रहे हैं, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और कुछ मामलों में आपराधिक घटनाओं की भी शिकायत सामने आई है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां जरूरत होगी वहां कानूनी कार्रवाई करते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। वहीं जिन मामलों में बातचीत और समझाइश से समाधान संभव होगा, वहां परिवार के बीच सुलह कराने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि बुजुर्गों को जल्द राहत मिल सके।

