ग्वालियर कांग्रेस में बगावत! नई कार्यकारिणी बनते ही दो पदाधिकारियों का इस्तीफा, स्वाभिमान का दिया हवाला

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर कांग्रेस में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा होते ही पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। लंबे इंतजार के बाद जारी की गई सूची के कुछ ही घंटों के भीतर दो नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया, जिससे संगठन में हलचल मच गई है।

सबसे पहले जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव बनाए गए लतीफ खान ने इस्तीफा दिया। कार्यकारिणी सूची में उनका नाम 47वें स्थान पर रखा गया था, जिससे वे नाराज बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस्तीफे का ऐलान करते हुए लतीफ खान ने लिखा कि स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे अपना औपचारिक इस्तीफा भी पार्टी नेतृत्व को भेज रहे हैं।

लतीफ खान के बाद महासचिव बनाए गए प्रतीक जैन ने भी अपने पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस नेतृत्व को चौंका दिया। सूची में उनका नाम 26वें स्थान पर था। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और पार्टी की सेवा के लिए किसी पद के मोहताज नहीं हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने महासचिव पद छोड़ने का फैसला लिया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार ग्वालियर जिला कार्यकारिणी का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके। लेकिन सूची जारी होते ही वरिष्ठता और पदों के वितरण को लेकर जिस तरह नाराजगी सामने आई है, उसने कांग्रेस नेतृत्व की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में कुछ और नेता भी अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर सकते हैं। फिलहाल दो बड़े इस्तीफों के बाद ग्वालियर में कांग्रेस संगठन दबाव में नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *