ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- ‘2027 में सपा का होगा सफाया’

लखनऊ.उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने का सपना देख रही है और सरकार बनने पर प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ जाएगी।

ओपी राजभर ने कहा कि उन्हें पता है कि अखिलेश यादव के समर्थकों का एक वर्ग सत्ता परिवर्तन का इंतजार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो लाल टोपी पहनकर गुंडे, माफिया और असामाजिक तत्व थानों पर कब्जा करने की कोशिश करेंगे और प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा होगा।

राजभर ने आगे आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थक बहुजन समाज की कई जातियों को निशाना बनाएंगे। उन्होंने पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा समाज का जिक्र करते हुए कहा कि ये समुदाय सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थक बहुजन समाज के लोगों की जमीनों और संपत्तियों पर नजर लगाए बैठे हैं और मौका मिलने पर कब्जा करने की कोशिश करेंगे। राजभर ने कहा कि वे ऐसी किसी भी स्थिति को स्वीकार नहीं करेंगे।

अपने बयान के अंत में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि बहुजन समाज के लोग अब पहले जैसे नहीं हैं और किसी को अपने अधिकारों पर हमला नहीं करने देंगे। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2017 और 2022 की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी हार का सामना करेगी और प्रदेश की जनता उसे सत्ता से दूर रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *