खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बदहाल खंडवा-मूंदी मार्ग को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं, कई लोगों की जान जा चुकी है और कई घायल हो चुके हैं। करोड़ों रुपये पैचवर्क पर खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। इसी मुद्दे पर जब मांधाता विधायक नारायण पटेल से सवाल किया गया तो उनका जवाब अब चर्चा का विषय बन गया है।
विधायक नारायण पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक कारण अच्छी सड़कें भी होती हैं, क्योंकि लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए, हेलमेट पहनना चाहिए और वाहन की गति नियंत्रित रखनी चाहिए।
जब मीडिया ने उनकी ही विधानसभा क्षेत्र की बदहाल खंडवा-मूंदी सड़क का मुद्दा उठाया तो विधायक ने उसकी तुलना 100 रुपये के नोटों की गड्डी से कर दी। उन्होंने कहा कि यदि 100 नोटों में एक नोट मैला हो तो 99 अच्छे नोटों की भी तारीफ करनी चाहिए। जो एक नोट खराब है, उसे भी जल्द ठीक कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब 38 किलोमीटर लंबा खंडवा-मूंदी मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम इस सड़क पर मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन सड़क की स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोग लंबे समय से नई सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं।
इस सड़क के निर्माण के लिए पहले 153 करोड़ रुपये की योजना घोषित की गई थी, लेकिन काम शुरू होने में देरी के चलते अब इसकी अनुमानित लागत बढ़कर करीब 193 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यह मार्ग जिले की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में गिना जाता है, क्योंकि इसी रास्ते से मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं। यही सड़क जिला मुख्यालय को राजधानी भोपाल से भी जोड़ती है।
सड़क की बदहाली को लेकर विपक्ष पहले भी आंदोलन कर चुका है और चेतावनी दे चुका है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो अगस्त में मूंदी से खंडवा तक पदयात्रा निकाली जाएगी। ऐसे में विधायक का बयान अब राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है।

