मुख्यमंत्री योगी ने मेदांता पहुंचकर महंत नृत्य गोपाल दास का जाना हाल, आज अस्पताल से मिल सकती है छुट्टी

लखनऊ. अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेदांता अस्पताल पहुंचे और महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के डॉक्टरों और निदेशक से भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

महंत नृत्य गोपाल दास को सोमवार देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी।

अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक, महंत नृत्य गोपाल दास को सांस लेने में तकलीफ और यूरिन संक्रमण की शिकायत थी। इलाज के बाद उनकी तबीयत में लगातार सुधार हुआ है और डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं। आंदोलन के शुरुआती दौर से ही उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाई और अपना पूरा जीवन इस अभियान को समर्पित किया। वर्ष 1986 में वे राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने, जबकि 1992 के बाद विश्व हिंदू परिषद द्वारा गठित राम जन्मभूमि न्यास की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली।

वर्तमान में महंत नृत्य गोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। राम मंदिर आंदोलन के दौरान न्यायालयी लड़ाई से लेकर संत समाज को एकजुट करने और जनआंदोलन को मजबूत बनाने तक उनकी भूमिका अहम रही है। भूमि पूजन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक के सभी प्रमुख आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *