शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल से शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। दावा किया जा रहा है कि एक सरकारी स्कूल के कार्यालय में पूर्व प्राचार्य कुछ लोगों के साथ बैठे हैं और वहां शराब की बोतल तथा गिलास दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की तारीख और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। शिक्षा विभाग ने इसे पुराना वीडियो बताया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि मामला शहडोल जिले के सोहागपुर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईबांध का है। वायरल वीडियो में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बृजेशधार द्विवेदी कार्यालय जैसी जगह पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक टेबल पर शराब की बोतल और गिलास नजर आने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित पूर्व प्राचार्य के खिलाफ पहले भी जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग में कई शिकायतें की जा चुकी हैं। उनका कहना है कि कुछ मामलों में अब तक कार्रवाई लंबित है। ऐसे में इस कथित वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की नजरें अब शिक्षा विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

