दतिया उपचुनाव में नया ट्विस्ट! नरोत्तम मिश्रा को शिवसेना UBT का ऑफर, ‘मशाल’ के निशान पर लड़ने का दिया न्योता

भोपाल/मंदसौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में दतिया उपचुनाव को लेकर नया मोड़ सामने आया है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लेकर अटकलों का दौर जारी है। इसी बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) यानी शिवसेना UBT ने उन्हें अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का खुला प्रस्ताव दिया है।

शिवसेना UBT के मध्य प्रदेश प्रदेश प्रमुख सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए नरोत्तम मिश्रा को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि यदि नरोत्तम मिश्रा चाहें तो वे शिवसेना UBT के टिकट पर पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘मशाल’ के साथ दतिया उपचुनाव लड़ सकते हैं।

सुनील शर्मा ने यह भी दावा किया कि अगर नरोत्तम मिश्रा इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं, तो शिवसेना UBT के राष्ट्रीय अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, युवा नेता आदित्य ठाकरे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश आकर उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के माध्यम से दी गई है। वीडियो में मध्य प्रदेश शिवसेना के आईटी सेल प्रमुख नाहरसिंह सिसोदिया इस प्रस्ताव और पार्टी की रणनीति के बारे में जानकारी देते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के बाद से नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। हाईवे जाम, बाजार बंद और भाजपा कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन जैसी घटनाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं।

हालांकि, अभी तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा की ओर से शिवसेना UBT के इस प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या वे इस ऑफर को स्वीकार करेंगे या भाजपा के साथ ही आगे की रणनीति तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *