मेहंदी से लिखा आखिरी संदेश! हाथ-पैरों पर उकेरा सुसाइड नोट, फिर महिला ने उठाया आत्मघाती कदम

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चौरई थाना क्षेत्र में एक 32 वर्षीय महिला ने आत्महत्या से पहले कागज पर नहीं, बल्कि अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से कथित तौर पर अपनी मनःस्थिति और आखिरी संदेश लिखा। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

मृतका की पहचान प्रीति वर्मा के रूप में हुई है, जो चौरई क्षेत्र के चन्हियाखुर्द गांव की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से पहले उन्होंने अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से कई बातें लिखीं। पुलिस ने इन संदेशों को मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया है और उनकी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हाथों और पैरों पर लिखे संदेशों का भी परीक्षण किया जाएगा, ताकि घटना के कारणों को समझा जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रीति की शादी करीब 13 वर्ष पहले लखन वर्मा से हुई थी। परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले उनके छोटे बेटे का निधन हो गया था। इस घटना के बाद वह लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव में थीं। पुलिस इसी पहलू को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, किसी भरोसेमंद व्यक्ति या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मदद लेना बेहद जरूरी है। सहायता समय पर मिलना कई बार जीवन बचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *