ग्वालियर। देश की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर अपने खानपान को लेकर चर्चा में है। इस बार उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और एआईसीसी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने ट्रेन में परोसे गए दूध की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें जो दूध दिया गया, वह सामान्य दूध जैसा नहीं बल्कि किसी केमिकल या मिलावटी लिक्विड जैसा दिखाई दे रहा था।
बताया जा रहा है कि यह मामला वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22470 का है, जो हजरत निजामुद्दीन से झांसी जा रही थी। यात्रा के दौरान राजेंद्र पाल गौतम के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी मौजूद थे। आरोप है कि ट्रेन में परोसे गए दूध का रंग और बनावट संदिग्ध थी। इसके बाद राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो बनाकर पूरे मामले को रिकॉर्ड किया और दूध की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, कोच ई-2 की सीट नंबर 1, 2, 3 और 4 पर यात्रा कर रहे यात्रियों की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्री और आईआरसीटीसी को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में कहा गया कि यदि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में इस तरह का संदिग्ध पेय पदार्थ परोसा जा रहा है, तो अन्य ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाले खानपान की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, परोसे गए दूध के सैंपल की लैब जांच और यदि किसी तरह की मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित वेंडर या जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। राजेंद्र पाल गौतम का कहना है कि प्रीमियम किराया लेने के बावजूद यात्रियों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल रेलवे या आईआरसीटीसी की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिकायत के बाद जांच होती है या नहीं और यदि जांच होती है तो उसके निष्कर्ष क्या सामने आते हैं।

