ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ऑनलाइन गेम की लत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 15 साल का एक किशोर कथित तौर पर ऑनलाइन गेम खेलने के जुनून में घर छोड़कर चला गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब 11 दिन की लगातार खोजबीन के बाद उसे हरियाणा के जींद जिले से सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की मेहरा कॉलोनी का है। 30 जून को किशोर अचानक घर से लापता हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि किशोर ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ का आदी हो गया था और इसी वजह से वह बिना बताए घर छोड़कर चला गया।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि किशोर रेलवे स्टेशन पहुंचा था और वहां से दिल्ली की ओर जाने वाली केरल एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुआ था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न एजेंसियों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया।
लगातार 11 दिनों तक चली तलाश के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि किशोर हरियाणा के जींद जिले के अलेवा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची और ताज होटल के पास से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
अपने बेटे को सकुशल वापस देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। फिलहाल पुलिस नियमानुसार किशोर को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर आगे की काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
यह मामला एक बार फिर बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेम की लत और उसके गंभीर प्रभावों को लेकर अभिभावकों के लिए बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।

