दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी की स्टार प्रचारकों की सूची जारी, डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां और तेज कर दी हैं। पार्टी ने अपने अधिकृत स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

सबसे खास बात यह है कि इस सूची में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल किया गया है। टिकट नहीं मिलने के बाद उनके नाम को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

भाजपा का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं की सभाओं, जनसंपर्क अभियानों और चुनावी रैलियों से दतिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इसी रणनीति के तहत प्रदेश और केंद्र के कई बड़े नेताओं को प्रचार अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा लंबे समय से दतिया और बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा का मजबूत चेहरा माने जाते हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार में उनकी भूमिका पर भी राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

उधर, दतिया उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। नामांकन प्रक्रिया जारी है और 16 जुलाई नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल इस उपचुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *