खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई! स्टॉक में मिली भारी गड़बड़ी, इनफिनिटी एग्रो संचालक पर FIR, लाइसेंस निरस्त

खंडवा। मध्य प्रदेश के हरसूद विकासखंड में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी और स्टॉक में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। कृषि विभाग की जांच के बाद छनेरा स्थित मेसर्स इनफिनिटी एग्रो के संचालक के खिलाफ हरसूद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। विभाग ने उर्वरक वितरण नियमों के उल्लंघन और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने पर फर्म का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने इनफिनिटी एग्रो प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पीओएस मशीन में विभिन्न कंपनियों के 3828 बैग, यानी लगभग 172.26 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक दर्ज मिला, लेकिन गोदाम में एक भी बोरी मौजूद नहीं थी।

इसके अलावा, मध्य प्रदेश शासन के ई-विकास पोर्टल पर 4318 बैग, यानी करीब 194.31 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक दर्ज था। वहीं सिंगल सुपर फॉस्फेट खाद के रिकॉर्ड में भी बड़ा अंतर मिला। पोर्टल पर 27.90 मीट्रिक टन स्टॉक दर्ज था, जबकि मौके पर केवल 9 मीट्रिक टन खाद ही उपलब्ध मिली।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कथित तौर पर बिना स्रोत प्रमाण पत्र के उर्वरक की बिक्री की जा रही थी। निरीक्षण के समय खाद बिक्री से संबंधित आवश्यक बिल और दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद कृषि विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

कृषि विभाग के उपसंचालक नितेश यादव ने कहा कि खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कहीं खाद की किल्लत, अधिक कीमत वसूले जाने या कालाबाजारी जैसी शिकायत मिले तो इसकी तुरंत जानकारी कृषि विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *